logo

महिला के हत्यारों को जेल नहीं भेजा तो सड़क पर उतरेगा भृगुवंशी ब्राह्मण समाज, करेगा आंदोलन

बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर किशोर ने की थी महिला की हत्या, दोस्त संग फरार

दिल्ली। भृगुवंशी ब्राह्मण समिति नजफगढ़ दिल्ली के पदाधिकारियों ने बीते शुक्रवार को जहांगीरपुरी इलाके में बेटी के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर एक किशोर द्वारा उसकी मां की गो​ली मारकर हत्या किये जाने की घटना पर बेहद रोष जताया है।

भृगुवंशी ब्राह्मण समाज के लोग मृतक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। समिति के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. जगदीश भृगुवंशी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 48 घंटे में अपराधियों को जेल नहीं भेजा गया तो पूरा भृगुवंशी ब्राह्मण समाज सड़कों पर आंदोलन करेगा। अंतिम संस्कार में समाजसेवी रोशनलाल शर्मा, रविकांत भार्गव आदि सेंकडों लोग शामिल रहे।

ज्ञातव्य है कि बीते शुक्रवार को जहांगीरपुरी इलाके में एक किशोर ने एक महिला के घर में घुसकर उसे गोली मार दी। जख़्मी महिला को तुरंत जगजीवनराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद किशोर अपने दोस्त के साथ वहां से फरार हो गया। किशोर और उसके साथी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। वहीं हत्या के बाद से इलाके में तनाव फैला हुआ है। तनाव के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महिंद्रा पार्क थाने की पुलिस हत्या का मामला दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी की पहचान कर ​ली गई है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।

बताया गया है कि जहांगीरपुरी के जे ब्लॉक में उक्त 35 व​र्षीय महिला अपने परिवार के साथ रहती थी। उसकी 15 वर्षीय बेटी को एक किशोर अक्सर छेड़खानी कर परेशान किया करता था। इस बात की शिकायत परिजनों से महिंद्रा पार्क थाने में भी कीे थी। किशोर की हरकतों से तंग आकर म​हिला के परिजनों ने बेटी को पढ़ने के लिए दूसरी जगह हॉस्टल में भेज दिया। इस बात से किशोर काफी खफा था। शुक्रवार की दोपहर लगभग सवा तीन बजे वह अपने एक दोस्त के साथ महिला के घर आया। महिला उस वक्त अपनी देवरानी के साथ घर पर मौजूद थी। किशोर महिला को धमकाने लगा। इस पर महिला अपने पति को फोन करने लगी। उसी वक्त किशोर ने हथियार निकालकर महिला की छाती में गोली मार दी तथा दोस्त के साथ वहां से भाग निकला। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

106
4004 views